सिद्धार्थ मल्होत्रा और रितेश देशमुख की मरजावां ने ओपनिंग वीकेंड में ठीकठाक कलेक्शन करके अपनी स्थिति बॉक्स ऑफ़िस पर मजबूत कर ली है। मास सर्किट्स में फ़िल्म को बढ़त मिलने की वजह से रविवार को फ़िल्म के कलेक्शंस में शुक्रवार और शनिवार के मुकाबले बड़ा जंप आया।
मरजावां 15 नवंबर को रिलीज़ हुई। सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों में फ़िल्म बेहतर प्रदर्शन रही है, जैसी कि ट्रेड को उम्मीद थी। टियर 2 और 3 सेंटर्स में फ़िल्म को दर्शकों की सीटी और तालियां मिल रही हैं। मरजावां ने पहले दिन 7.03 करोड़ का कलेक्शन किया था। शनिवार को कलेक्शन 7.21 करोड़ रहा, जबकि रविवार को कलेक्शंस 10.18 करोड़ पर पहुंच गये। इसके साथ ही मरजावां का तीन दिनों का कलेक्शन 24.42 करोड़ हो गया है, यानि फ़िल्म ने प्रतिदिन औसतन 8 करोड़ से अधिक बटोरे हैं, जो फ़िल्म के लिए शुभ संकेत है।
अगर सिद्धार्थ मल्होत्रा की पिछली फ़िल्मों को देखें तो मरजावां इसी साल आयी जबरिया जोड़ी से काफ़ी बेहतर है, जिसने ओपनिंग वीकेंड में 12.40 करोड़ का कलेक्शन किया था। यह फ़िल्म फ्लॉप रही थी। 2018 में आयी अय्यारी ने 11.70 करोड़ की कमाई ओपनिंग वीकेंड में की थी। इस फ़िल्म ने सिर्फ़ 17 करोड़ का लाइफ़ टाइम कलेक्शन किया था और फ्लॉप रही थी।
2017 में सिद्धार्थ की 2 फ़िल्में अ जेंटलमैन और इत्तेफ़ाक़ रिलीज़ हुई थीं। अ जेंटलमैन ने 13.13 करोड़ का कलेक्शन ओपनिंग वीकेंड में किया था, जबकि 19.82 करोड़ का लाइफ़ टाइम कलेक्शन करके फ्लॉप करार दी गयी। इत्तेफ़ाक़ ने 16.05 करोड़ का कलेक्शन किया था, जबकि 27.40 करोड़ का लाइफ़ टाइम कलेक्शन करने के बाद फ़िल्म को औसत माना गया।
ज़ाहिर है कि मरजावां इन सभी फ़िल्मों से बेहतर ट्रेंड कर रही है और सिद्धार्थ मल्होत्रा के डगमगाते करियर को संभाल सकती है। मिलाप ज़वेरी निर्देशित मरजावां एक हाई ड्रामा एक्शन लव स्टोरी है, जिसमें डायलॉगबाज़ी की हैवी डोज़ डाली गयी है। फ़िल्म में रकुल प्रीत और तारा सुतारिया फीमेल लीड रोल में हैं। तारा ने फ़िल्म में ऐसी लड़की का रोल निभाया है, जो बोल नहीं सकती। वहीं, रकुल तवायफ़ के किरदार में नज़र आयीं।
मरजावां में रितेश देशमुख का किरदार इस बार थोड़ा अलग है। एक विलेन में खलनायक तो वो पहले भी बने, मगर इस बार उनकी हाइट तीन फुट रह गयी। मरजावां को क्रिटिक्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली, मगर दर्शकों को फ़िल्म पसंद आ रही है।